अनपरा। मौसम मे आये परिवर्तन व पारेषण लाइनों की खराबी के कारण प्रदेश में बिजली की डिमांड में शुक्रवार को कमी दर्ज की गयी। अनपरा परियोजना सहित आसपास की परियोजनाओं से डिमांड कम होने की वजह से मशीनो को कम लोड पर चलाया गया। बारिश से तापमान में गिरावट के साथ ही पारेषण और वितरण व्यवस्था में आयी खराबी को मांग में आयी कमी का कारण बताया जा रहा है। दो दिन पूर्व तक 425 मिलियन यूनिट से अधिक रोजाना की हो रही खपत में लगभग 30 मिलियन यूनिट की आयी गिरावट को देखते हुए यूपी स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर ने एनटीपीसी के टांडा बिजलीघर से उत्पादन पूरी तरह से बंद करा दिया है। सिस्टम कंट्रोल के अनुसार शुक्रवार को बिजली की खपत 14 हजार मेगावाट के आसपास रही। डिमांड कम होने से बिजलीघरो से थर्मल बैकिग की जा रही है। कई इकाईयों के बंद होने के बाद भी थर्मल बैकिग जारी है। 12 अगस्त से अनपरा तापीय परियोजना की 210 मेगावाट की तीसरी इकाई तकनीकी कारणो से बंद है वही 9 माह से अनपरा डी की सातवीं इकाई भी बंद चल रही है। वहीं ओबरा की 210 मेगावाट की 12 वीं इकाई से भी 19 अगस्त से बस कंडक्टर बदलने के लिए इस इकाई को बंद किया गया है। इस दौरान अनपरा तापीय परियोजना की 210 मेगावाट की पहली इकाई से 144 मेगावाट, दूसरी इकाई से 162 मेगावाट,500 मेगावाट की चौथी व पांचवी से क्रमश: 396 मेगावाटा 472 मेगावाट तथा अनपरा डी की छठवीं से 468 मेगावाट का विद्युत उत्पादन किया जा रहा था।