विकास भवन में बुधवार को आयोजित किसान दिवस में डीएम चंद्र विजय सिंह के समक्ष किसानों ने बिजली, पानी आदि की समस्याओं को रखा। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं को दूर करने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि किसानों को जो भी समस्याएं होंगी उसका समाधान कराया जाएगा। केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र किसानों को दिलाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। सरकार ने किसानों के हित में ढेर सारी योजनाएं संचालित की हैं। कहा कि तहसील और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी और कर्मचारियों को समस्याओं का निस्तारण करने के लिए निर्देशित कर दिया गया है। इस दौरान किसानों ने कहा कि बिजली विभाग की लापरवाही से रोस्टर के अनुसार बिजली न मिलने से खेतों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। नहरों में पानी छोड़ा जाए ताकि किसान धान की नर्सरी डाल सकें। फसल बीमा आदि मुद्दों को भी उठाया। डीएम ने कहा कि संबंधित अधिकारी किसानों की समस्याओं का समाधान करने में हीलाहवाली करेंगे तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि पानी को संरक्षित करने की जरूरत है। कृषि अधिकारी हरेकृष्ण मिश्र, किसान लालजी तिवारी, चंद्र भूषण पांडेय, शिव प्रसाद देव पांडेय आदि मौजूद रहे।