सोनांचल में बिजली विभाग के राबर्ट्सगंज व पिपरी डिविजन में बिजली मीटर की कमी दो माह से बनी हुई है। मीटर के अभाव में न तो नए कनेक्शन जारी हो पा रहे हैं न ही पुराने खराब मीटर ही बदले जा रहे हैं।
नवंबर माह के शुरुआत में विभाग की तरफ से तीन हजार विद्युत मीटर की मांग की गई थी। इसके सापेक्ष सिर्फ 800 ही मीटर मिले हैं। झटपट पाेर्टल पर आवेदन के बाद भी उपभोक्ताओं को नए कनेक्शन और खराब मीटर बदलवाने में महीने भर चक्कर काटना पड़ रहा है।
विभागीय आंकड़ों पर गौर करें तो विद्युत वितरण खंड राबर्ट्सगंज तथा पिपरी में हर माह लगभग 200 से 300 नए कनेक्शन के लिए ऑनलाइन आवेदन आ रहे हैं। विभाग के झटपट पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने पर उपभोक्ताओं को बिजली कनेक्शन जारी किया जाता है।
अकेले राबर्ट्सगंज विद्युत वितरण खंड की बात करें तो यहां हर माह 100 से 150 नया कनेक्शन ऑनलाइन जारी होता है। कनेक्शन जारी होने के साथ ही संबंधित उपभोक्ता के यहां मीटर लगाया जाता है। मीटर खराब होने की शिकायत भी इन्ही क्रम में आती है। मीटर बदलने के लिए उपभोक्ता विभाग में आवेदन कर रहे हैं।
मगर विभाग में मीटर की कमी होने की वजह से न तो समय से मीटर बदला जा रहा है और न ही नए कनेक्शन जारी हो पा रहे हैं। विभाग की तरफ से बीते 30 अक्तूबर को जनपद के दोनों डिवीजन में कुल करीब 3000 बिजली मीटर उपलब्ध कराने के लिए पत्र शासन में लिखा गया था।