सोनभद्र। जिला उद्योग बंधु की बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में व्यापारियों ने नगर की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। स्वास्थ्य, यातायात, जन सुविधाओं के साथ बिजली का मुद्दा भी रखा। कहा कि महज दस हजार रुपये के बकाए पर विभाग व्यापारियों के कनेक्शन काट देता है, लेकिन अन्य बड़े बकाएदारों पर नरमी बरतता है। व्यापारियों के साथ यह सौतेला व्यवहार उचित नहीं है। पूर्व में की गई शिकायतों पर भी कोई कार्रवाई न होने पर असंतोष जताया।
बैठक में डीएम ने उपायुक्त उद्योग आरपी गौतम को जिले में उद्योग बंधुओं से जुड़े मामलों का निस्तारण समयबद्ध तरीके से करने का निर्देश दिया। लघु एवं सीमांत उद्योग स्थापित करने के लिए स्थल चयन में भी तेजी लाने को कहा। निवेश मित्र, सिंगल विंडो, श्रम विभाग से संबंधित प्रकरण, स्टांप व रजिस्ट्रेशन, प्रदूषण नियंत्रण संबंधी और विद्युत भार संबंधी मामलों की समीक्षा की।
बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने नगर में सिटी अस्पताल खोलने की मांग रखी। इसके अलावा दवा की दुकानों को शिफ्ट वाइज रात में खुला खोलने की जरूरत बताई। नगर में महिलाओं के लिए यूरिनल और पिंक टॉयलेट्स न होने, छुट्टा पशुओं के चलते आए दिन दुर्घटना होने की भी बात रखी। मानक के विपरीत लंबी दूरी के भी कनेक्शन दिए जा रहे हैं। डीएम ने इस पर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। बैठक में सीडीओ सौरभ गंगवार के अलावा व्यापार मंडल के प्रीतपाल सिंह, राजू जायसवाल, रवि जायसवाल, विवेक जायसवाल, नागेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।