घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के गुरुवल गांव में रविवार शाम सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बाइक ने एक वृद्ध महिला को जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। गुरुवल गांव की रहने वाली सत्तर वर्षीय सिरपत रविवार शाम करीब तीन बजे अपने घर जा रही थीं। बाइक की टक्कर से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। घोरावल कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार सिंह ने इस मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अज्ञात चालक की तलाश के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।