बारिश के दौरान घुवास खुर्द में गिरा कच्चा मकान। स्रोत जागरूक पाठक
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली अंतर्गत नगर के घुवास खुर्द मोहाल में बुधवार की देर रात बारिश के बीच कच्ची दीवार गिर गई। मलबे में दबने से वृद्ध जानकी (82) की मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। जिले में दो दिन से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बताया जा रहा है कि बुधवार की रात जानकी भोजन करने के बाद अपने कच्चे मकान में चारपाई पर मच्छरदानी लगाकर सो रहे थे। रात में भी रुक-रुककर बारिश हो रही थी। रात करीब 2.30 बजे अचानक मकान की दीवार ढह गई। जानकी मलबे में दब गए। बगल के कमरे में सो रहे उनके बेटे ने आवाज सुनकर शोर मचाया। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें मलबे से बाहर निकाला गया। उस समय उनकी सांसें चल रहीं थीं। गंभीर रूप से घायल वृद्ध को तत्काल एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज लोढ़ी ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में जरूरी कार्रवाई की जा रही है।
बारिश के दौरान घुवास खुर्द में गिरा कच्चा मकान। स्रोत जागरूक पाठक