दुद्धी। टाउन क्लब मैदान में चल रही अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बुधवार को दुर्गापुर की टीम ने जीत लिया। मेजबान दुद्धी को पांच विकेट से हराकर ट्राफी अपने नाम की। दुर्गापुर के सिद्धांत को मैन ऑफ द मैच और अंकित को मैन आफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया।
फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर दुर्गापुर की टीम ने पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। दुद्धी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 162 रन बनाए। आलोक शर्मा ने 35, अभिषेक ने 34, धीरज अग्रहरि ने 16 रनों का याेगदान दिया।
जवाब में बल्लेबाजी करने के लिए उतरी दुर्गापुर की टीम ने 18 ओवरों में अपने 5 विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया। सिद्धांत ने 4 छक्का और 8 चौके की मदद से सर्वाधिक 77 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। अंकित ने 44 और विश्वजीत ने 18 रन जोड़े। आयोजन कमेटी की ओर से विजेता टीम को 50 हजार नकद व कप और उपविजेता टीम दुद्धी को 25 हजार नकद व उपविजेता कप प्रदान किया गया। मैच में निर्णायक की भूमिका गौस मुहम्मद खान व नागेंद्र राज ने निभाया। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक हरीराम चेरो ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।