रेणुकूट ट्रक सड़क हादसे में मृतक - मुकेश केवट (फाइल फोटो) स्रोत परिजन
- फोटो : Archive
रेणुकूट। पिपरी थानाक्षेत्र के गाढ़ा बैरियर के पास रविवार रात तीन ट्रकों की भिड़ंत में एक ट्रक चालक की मौत हो गई। चालक मुकेश केवट (30) केबिन में दब गया था। हादसे के बाद दोनों अन्य ट्रकों के चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हिंडाल्को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। मध्य प्रदेश के सतना जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र निवासी मुकेश बनारस से रेणुसागर की ओर ट्रक लेकर जा रहा था। रेणुकूट-अनपरा मार्ग पर गाढ़ा बैरियर के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रक ने भी टक्कर मार दी। इससे बीच वाले ट्रक का केबिन क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें फंसकर मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पिपरी पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने यातायात बहाल कराया और स्वजन को सूचना दी। मृतक के भाई महेंद्र ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। उन्होंने बताया कि मुकेश परिवार में अकेले कमाने वाले सदस्य थे। परिवार में उनकी पांच साल की एक बेटी और दो बेटे हैं। माता-पिता की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर थी। उनकी मौत से परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।पिपरी थानाध्यक्ष अजय श्रीवास्तव ने बताया कि वाहनों को हटाकर आवागमन सुचारू करा दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।