बभनी। थानाक्षेत्र की घघरी ग्राम पंचायत में सड़क मरम्मत कार्य के दौरान बृहस्पतिवार को करंट की चपेट में आने से रोलर चालक मनोज (25) की मौत हो गई। ट्रक से रोलर उतारते समय वह सड़क के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया। इससे रोलर में करंट उतर गया और मनोज उसकी चपेट में आ गया। मिर्जापुर निवासी मनोज सड़क मरम्मत कार्य में रोलर चालक था। मरम्मत के लिए रोलर को ट्रक पर लाया गया था। मनोज उसे नीचे उतार रहा था। इसी दौरान अधिक ऊंचाई के कारण रोलर ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार से छू गया। ग्रामीणों के मुताबिक, बिजली के तार काफी नीचे झुके हुए थे। तार के संपर्क में आते ही रोलर में करंट उतर गया और मनोज जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज लोढ़ी रेफर कर दिया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण के दौरान बिजली लाइन के पास सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। उनका कहना है कि बिजली के तारों के आसपास काम करते समय पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था होनी चाहिए थी। बभनी थाना प्रभारी अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई है। मामले की जानकारी कराई जा रही है।