सोनभद्र। खनिज चेक पोस्ट लोढ़ी से पकड़ाया ओवरलोड़ बालू लदा ट्रक लेकर फरार होने के मामले में राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को ट्रक मालिक और चालक के खिलाफ चोरी सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है। उक्त कार्रवाई कोतवाली पुलिस ने खनिज विभाग के मोहर्रिर ब्रह्मनंद तिवारी की तहरीर पर की है। कोतवाली में दिए तहरीर में खनिज मोहर्रिर ने बताया कि दो फरवरी को खनिज चेक पोस्ट लोढ़ी से एक ओवरलोड़ बालू लदा ट्रक पकड़ा गया था। एसडीएम के नेतृत्व में खनिज विभाग की टीम ने उक्त कार्रवाई की थी। ट्रक को चेक पोस्ट पर खड़ा कराया गया था। आरोप है कि पांच फरवरी की रात 10 बजे अंधेरे का फायदा उठाते हुए उक्त बालू लदे ट्रक को लेकर चालक फरार हो गया। खनिज मोहर्रिर की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने उक्त ट्रक मालिक और चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई में जुट गई है।