दुद्धी। स्थानीय कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र के गुलालझारिया गांव में शनिवार की रात एक बोलेरो से कई पेटी अवैध शराब व बीयर बरामद हुई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। दुद्धी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि छत्तीसगढ़ की एक बोलेरो से अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस बोलेरो की तलाश में जुट गई। इस दौरान गुलालझारिया गांव के पास दुद्धी-लीलासी मार्ग पर एक बोलेरो तेज आते दिखी। चालक ने पुलिस को देखकर रफ्तार तेज कर दी। इससे बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे मिट्टी में फंस गई। खुद को घिरता देख अंधेरे का फायदा उठाते हुए चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। तलाशी में बोलेरो से 11 पेटी अंग्रेजी शराब और 8 पेटी बीयर बरामद हुई। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के तलाश में जुटी है। प्रभारी निरीक्षक सुभाष राय ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही तस्करों को पकड़ लिया जाएगा।