अनपरा/शक्तिनगर। नगर में बुधवार की शाम हुई तेज बारिश से नगर की सभी नालियां ओवर फ्लो हो गईं। पानी के बहाव के कारण बड़े नाले के पुलिया टूट गई और कई बाउंड्री वाल भी टूट गए। शक्तिनगर में भी लोग घरों में पानी घुसने से परेशान रहे।
बारिश में जलभराव की समस्या नगर के लोगों के लिए नासूर बन गई है। वर्षों पुरानी समस्या का समाधान आज तक नहीं हो पाया। बुधवार की शाम नगर में बारिश में लोगों को एक बार फिर समस्या का सामना करना पड़ा। नालियों का पानी ओवरफ्लो होकर लोगों के घरों में घुसने लगा। लोग रात भर घरों से पानी निकालते रहे। पानी का बहाव इतना तेज था कि अनपरा-काशीमोड़ मार्ग के बगल में अनपरा तापीय परियोजना की बाउंड्री वाल टूट गया।
दूसरी डिबुलगंज मे डब्लूटीपी प्लांट की बाउंड्री भी टूट गई। सूचना पर नगर पंचायत की ईओ भी मौके पर पहुंची। उधर, शक्तिनगर क्षेत्र के ग्राम पंचायत चंदुआर, जमशीला, कोहरौलिया में नाली जाम से बारिश का पानी कई घरों में घुस गया। चंदुआर गांव में मुन्ना एवं अकू के घरों में नाली का पानी घुस गया। इसके चलते परिवार के लोगों को रतजगा करना पड़ा। रात में पड़ोसियों की मदद से जाम नाली खोदी गई तब पानी निकलना शुरू हुआ। जमशीला बस स्टैंड के कई घरों में पानी घुस गया। कोहरौलिया में नाली की बजाय सड़कों व घरों में पानी बहने से लोग सारी रात हलकान रहे।
ईओ ने सफाई के दिये निर्देश
बृहस्पतिवार की सुबह बारिश के बाद जलनिकासी की समस्या को जानने के लिए नगर पंचायत की ईओ ऋचा यादव और चेयरमैन प्रतिनिधि स्वतंत्र बैसवार ने सभासदों के साथ नगर का भ्रमण किया। प्रत्येक वार्ड में जाकर जलनिकासी की समस्या को जाना। सभी सफाई नायकों और सफाई कर्मियों को निर्देश दिया कि चोक नालियों की तत्काल सफाई करें। बारिश का पानी किसी के भी घर में न घुसे। जिन जगहों पर निकास नहीं है वहां तत्काल काम लगाएं।
पानी के बहाव से पुलिया ध्वस्त आवागमन बंद
नगर पंचायत के वार्ड नंबर 8 के मुड़ीसेमर में पुलिया बह गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि टोले में 7 पुलिया हैं और सातों का पाया जर्जर है। बुधवार को बारिश में पुलिया टूटकर बह गई और तीन स्लैब टूट गए। पुलिया टूटने की सूचना पर नगर पंचायत के चेयरमैन प्रतिनिधि स्वतंत्र बैसवार और ईओ ऋचा यादव ने मौके का निरीक्षण किया। जेई को बुलाकर एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए।