खाद्य पदार्थों में मिलावट की जांच करती खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम। - जागरूक पाठक
सोनभद्र। दीपावली पर बाजार में तरह-तरह के खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ गई है। मिठाइयों से लेकर दूध, खोया, पनीर, घी और मसालों तक की खरीदारी में लोग जुटे हैं। हालांकि, त्योहार की इस रौनक के बीच खाद्य पदार्थों में मिलावट का खतरा भी बढ़ गया है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026-27 में जांच के लिए भेजे गए 227 नमूनों की रिपोर्ट प्राप्त हुई। इनमें 115 नमूने ही मानकों पर खरे उतरे। शेष नमूनों में गुणवत्ता संबंधी गड़बड़ियां मिलीं। मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने दो विशेष टीमें गठित कर निगरानी और छापेमारी शुरू की है। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, पिछली दीपावली पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 23 स्थानों पर छापेमारी कर 29 नमूने जांच के लिए लिए गए थे। इनमें केवल 11 नमूने मानकों के अनुरूप मिले, जबकि 18 नमूनों में गड़बड़ी पाई गई। इनमें चार नमूने मिसब्रांड, 10 सब स्टैंडर्ड और चार अनसेफ श्रेणी के थे। अनसेफ श्रेणी के खाद्य पदार्थ स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह माने जाते हैं। विभाग की ओर से इन मामलों में न्यायालय में वाद दायर कर कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।