जिला संयुक्त चिकित्सालय में डॉक्टर का इंतजार करते मरीज।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। जिला अस्पताल लोढ़ी में ओपीडी भूतल में मंगलवार को कई विभागों के चिकित्सक नदारद थे। सुबह साढ़े 11 से अपराह्न 2 बजे ओपीडी बंद होने तक चिकित्सकों की तलाश में मरीज भटकते रहे। काफी इंतजार के बाद भी जब कोई नहीं पहुंचा तो मरीजों को मायूस होकर लौटना पड़ा। उधर, जिला अस्पताल के इस हाल से जिम्मेदार लापवाह बने हैं। जिला अस्पताल में आए दिन डॉक्टरों की मनमानी चर्चा में है। हृदय रोग से ग्रसित सीएमएस के अवकाश पर जाने के बाद से लापरवाही बढ़ गई है। डॉक्टर अक्सर ओपीडी से नदारद रहते हैं। दो दिन पहले भी हड्डी रोग विशेषज्ञ के इंतजार में लोगों को दिन भर खड़ा रहना पड़ा था। मंगलवार को भी ऐसी ही स्थिति रही। हड्डी रोग, बाल रोग, जनरल मेडिसिन सहित अन्य विभागों के डॉक्टरों का कक्ष खाली रहा। मरीज बाहर बैठकर उनका इंतजार करते रहे। दोपहर करीब एक बजे फिजिशियन डॉ. मंसूर अहमद अपने कक्ष में पहुंचे। कुछ मरीजों का उपचार किया, मगर अन्य डॉक्टर का दो बजे ओपीडी बंद होने तक पता नहीं था। इलाज के लिए खड़े बेठीगांव से आए जोखन राम ने बताया कि मुझे लीवर में सूजन और सांस संबंधी बीमारी है। सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे से डॉक्टर के इंतजार में खड़ा हूं, मगर दो बजने के बाद भी किसी के न आने पर अब लौटना पड़ रहा है। प्रभारी सीएमएस डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि अधिकांश डॉक्टर धनवंतरी पूजा में चले गए थे। जिसके वजह से ओपीडी प्रभावित हुई। बाद में डॉक्टरों ने मरीजों को देखा।