बभनी क्षेत्र में किसानों को फलदार पौधा वितरण करते हुए सह सरकार्यवाह डा कृष्ण गोपाल व अन्य। संवा
बभनी (सोनभद्र)। आरएसएस के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल की मौजूदगी में बृहस्पतिवार को सेवा समर्पण संस्थान सेवाकुंज आश्रम कारीडांड चपकी में आयोजित कार्यकर्ता मिलन समारोह में क्षेत्रीय लोगों से गांव-घर में स्वरोजगार के अवसर पैदा करने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि रोजगार के लिए बाहर जाने के बजाय स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन किया जाए, इससे लोगों की आजीविका मजबूत होने के साथ ही गांवों का आर्थिक विकास भी होगा। समारोह में डॉ. कृष्ण गोपाल ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं के सहयोग से वनवासी कल्याण आश्रम और सेवा समर्पण संस्थान विभिन्न कार्यक्रम संचालित कर रहा है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य वनवासी समाज के लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए अवसर उपलब्ध कराना है। वक्ताओं ने कहा कि देश के सभी लोगों की आर्थिक स्थिति एक जैसी हो सकती है। आज भी बड़ी संख्या में लोग गरीब हैं। ऐसे में समाज के सक्षम लोगों और औद्योगिक संस्थानों को आगे आकर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और विकास के अवसर उपलब्ध कराने चाहिए। उन्होंने क्षेत्र में संचालित औद्योगिक संस्थानों से स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों के लिए काम करने की अपील की। समारोह में संस्थान की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया गया। बताया गया कि बच्चों के रहने और पढ़ने की सुविधा के लिए विद्यालय भवन का निर्माण कराया गया है। भविष्य में भी शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्र में संस्थान की ओर से कार्य जारी रखने की बात कही गई। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव पहुंचकर लोगों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर छोटे-छोटे रोजगार शुरू करने के लिए सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब गांव के लोग अपने गांव में ही रोजगार खड़ा करेंगे, तभी परिवार की आय बढ़ेगी और क्षेत्र का समग्र विकास संभव होगा। कार्यक्रम में आरएसएस के प्रांत प्रचारक रमेशजी, क्षेत्र प्रचारक अनिलजी, सह संगठन मंत्री वनवासी कल्याण आश्रम भगवान सहाय, अध्यक्ष सेवा समर्पण संस्थान एसएन राय, अखिल भारतीय जनजाति संपर्क प्रमुख मनीराम पाल, क्षेत्रीय जनजाति संपर्क प्रमुख हरीशजी, विभाग प्रचारक उपेंद्रजी, जिला प्रचारक दिपेश, एनटीपीसी रिहंद के प्रमुख संजय असाटी, मानव संसाधन प्रमुख राजेश बोयपाई, वरिष्ठ प्रबंधक सुजोय मैत्रा, जेसी विमल सिंह, एससी-एसटी आयोग के उपाध्यक्ष जीतसिंह खरवार, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल आदि मौजूद रहे।