कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा करते डीएम चंद्र विजय सिंह। संवाद
- फोटो : SONBHADRA
डीएम चंद्र विजय सिंह ने शुक्रवार को जिला स्वास्थ्य समिति के शासी निकाय की बैठक ली। कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक के दौरान उन्होंने आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी जाने का निर्देश दिया। महिला और पुरुष नसबंदी की धीमी प्रगति पर परिवार कल्याण के नोडल अधिकारी डॉ. दिनेश को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश दिया। संबंधित आशा और एएनएम से भी स्पष्टीकरण तलब करने को कहा।
सीएचसी नगवां के नोडल अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार की ओर से सीएससी का निरंतर निरीक्षण न करने और आशा, एएनएम के कार्यों की समीक्षा न करने पर डीएम ने स्पष्टीकरण व वेतन भुगतान पर रोक लगाने के निर्देश दिए। म्योरपुर, चोपन, नगवां में अनमोल एप पर डाटा इंट्री की धीमी प्रगति पर संबंधित डीपीएम के वेतन भुगतान पर रोक लगाने का निर्देश दिया।
डीएम ने चिकित्सालयों के नोडल अधिकारी और एसीएमओ द्वारा निरंतर निरीक्षण न किए जाने और कार्य में लापरवाही बरत रही आशा, एएनएम के विरूद्ध कार्रवाई न करने के मामले में शिथिलता बरतने पर सीएमओ से भी स्पष्टीकरण प्राप्त करने को कहा। एएनसी, डिलिवरी, एचआरपी के कार्यों में शिथिलता बरतने पर एसीएमओ डॉ. आरजी यादव को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।
समीक्षा में डीएम ने कहा कि संचालित योजनाओं को जमीनी हकीकत में उतराने के लिए प्रचार-प्रसार करके लोगों को जागरूक किया जाय। बैठक में सीडीओ सौरभ गंगवार, डीडीओ शेषनाथ चौहान, सीएमओ डॉ आरएस ठाकुर, डीआईओएस आरपी यादव, बीएसए हरिवंश कुमार आदि मौजूद रहे।