सोनभद्र। यूपी बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिले को चार जोन में बांटा गया है। कुल 12 सेक्टर बनाकर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सभी 76 केंद्रों पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की भी तैनाती की गई है। परीक्षा को लेकर डीआईओएस कार्यालय ने जरूरी तैयारियां तेज कर दी हैं।
जिले में 22 फरवरी से यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं शुरू हो रही है। इस परीक्षा में 202 माध्यमिक विद्यालयों के कुल 47 हजार 787 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। इसमें हाईस्कूल के 28 हजार 845 परीक्षार्थी जबकि इंटरमीडिएट में 18 हजार 942 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। इनके लिए कुल 76 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
पिछले साल के सापेक्ष 3165 परीक्षार्थी कम होने के साथ ही 80 केेंद्रों में से चार केंद्र कम हो गए हैं। इस बीच परीक्षा को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए विभाग ने 76 स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक के साथ ही एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती रहेगी। इसके अलावा 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही चारों तहसीलों के एसडीएम को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। जो परीक्षा की निगरानी करेंगे। इसके अतिरिक्त सचल दस्ता भी बनाया जाएगा। वहीं डीआईओएस ने सभी परीक्षा केंद्र के प्रत्येक कक्ष में वॉयस सीसीटीवी कैमरे को दुरूस्त किए जाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही शौचालय, प्रकाश, पेयजल व आवागमन व्यवस्था को भी चुस्त-दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। इसको लेकर सभी केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण भी किया जा रहा है।
25 स्टेटिक मजिस्ट्रेट आरक्षित
किसी भी स्थिति में परीक्षा की सुचिता प्रभावित न होने पाए इसके विशेष इंतजाम किए जा रहा है। इसके लिए 25 स्टेटिक मजिस्ट्रेट आरक्षित रहेंगे। अगर केंद्रों पर तैनात कोई स्टेटिक मजिस्ट्रेट किसी कारण ड्यूटी करने में सक्षम नहीं है तो उसकी जगह आरक्षित स्टेटिक मजिस्ट्रेट को भेजा जाएगा।
यूपी बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए तेजी से तैयारियां चल रही हैं। सभी केंद्रों के जिम्मेदारों को इस संबंध में जरूरी दिशा निर्देश दिए जा चुके हैं। लापरवाही मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। - राजेंद्र यादव, डीआईओएस।