रेणुसागर पुलिस चौकी क्षेत्र के परासी में युवक के फांसी लगाने पर लगी भीड़।संवाद
अनपरा/रेणुसागर। अनपरा थानाक्षेत्र के परासी में शनिवार की सुबह अक्षय शर्मा (22) का शव कमरे में पंखे के सहारे फंदे से लटकता मिला। परिजनों के मुताबिक वह मानसिक रूप से बीमार था और पटना से उसका इलाज चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि बीमारी से आजिज होकर उसने आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। परिजनों के अनुसार अनपरा नगर पंचायत के वार्ड-20 टैगोर नगर निवासी विजय किशोर शर्मा के पुत्र अक्षय शर्मा ने शुक्रवार रात में परिवार के सदस्यों के साथ भोजन किया। इसके बाद सभी सदस्य अपने कमरों में सोने चले गए थे। शनिवार को भोर में करीब साढ़े तीन बजे जब अक्षय के पिता उसे जगाने पहुंचे तो उन्होंने खिड़की से देखा कि वह पंखे से नायलॉन की रस्सी के सहारे लटका हुआ है। परिजनों ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी और युवक को नीचे उतारा लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बताया गया कि अक्षय काफी समय से मानसिक बीमारी से पीड़ित था और उसका इलाज पटना से चल रहा था। बीमारी के कारण उसने अपना काम भी छोड़ दिया था। इससे पहले वह अनपरा में फोटोग्राफी और कंप्यूटर की दुकान पर काम करता था। उसकी शादी अभी नहीं हुई थी। अनपरा एसओ प्रणय प्रसून श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।