रामगढ़। रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के धान क्रय केंद्र रामपुर में शनिवार की शाम केंद्र के दो पदाधिकारियों के बीच विवाद होने का मामला प्रकाश में आया है। रविवार को उत्तर प्रदेश संयुक्त सहकारी समिति कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने रामपुर बरकोनियां थाने पर पहुंच कर दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार धान क्रय केंद्र रामपुर में तैनात दो पदाधिकारियों के बीच धान क्रय को लेकर शनिवार को कहासुनी हो गई। कहासुनी के साथ ही विवाद बढ़ गया। एक पक्ष का आरोप था कि नियमानुुसार धान क्रय करने की बात कहने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने विवाद किया। यह भी कहना था कि नवंबर माह में ही दूसरे पक्ष के लोगों की धान की खरीद की जा चुकी है और दोबारा समिति पर धान बेचने पहुंचे थे। यह आरोप भी लगाया कि दो-तीन दिन बाद धान लिए जाने की बात कहने पर उलझ गए और कागजात आदि फाड़ कर मारपीट करने लगे। घटना की जानकारी मिलने पर उत्तर प्रदेश संयुक्त सहकारी समिति कर्मचारी संघ के पदाधिकारी रविवार को रामपुर बरकोनियां थाने पर पहुंच गए। पदाधिकारियों ने समिति से जुड़े दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। रामपुर बरकोनियां के प्रभारी निरीक्षक संजय पाल ने बताया कि एक पक्ष की तरफ से तहरीर दी गई है। तहरीर में दूसरे पक्ष पक्ष मारपीट ,कागजात फाड़ने व खाद की बिक्री के रुपये ले जाने का आरोप लगाया गया है। पूरे मामले की जांच की जाज रही है।