सोनभद्र। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने बुधवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय लोढ़ी और छपका का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने पहले दिन कक्षा छह से आठ तक के खुले विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति व अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। शिक्षकों को निर्देश दिया कि बच्चों को कोविड 19 के गाइड लाइन के आधार पर ही विद्यालय बुलाएं। लोढ़ी में निरीक्षण के दौरान निर्देश दिया कि विद्यालय में थर्मल स्कैनर, मास्क और सैनिटाइजर की व्यवस्था रहे। उन्होंने निरीक्षण के दौरान पाया कि सभी बच्चे मास्क लगाए हुए थे। सभी का हाथ सैनिटाइज कराया गया था। शिक्षकों को निर्देश दिया कि बच्चों को उचित दूरी पर बैठाया जाए और सिर्फ 50 फीसदी बच्चों को ही क्रमवार बुलाया जाए। उच्च प्राथमिक विद्यालय छपका में सफाई नहीं मिली। इस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। प्रधानाध्यापक को विद्यालय की सही से सफाई कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही कोविड 19 के गाइड लाइन के निर्देशानुसार ही विद्यालय संचालन के लिए कहा गया। उन्होंने बताया कि एक मार्च से प्राथमिक विद्यालय भी खुल जाएंगे। उनके संचालन के लिए भी शिक्षकों को कोविड 19 के दिशानिर्देशों का पूरी तरह से पालन कराने के लिए तैयार रहना होगा।