शक्तिनगर। पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के सिंगरौली में स्थित रिलायंस समूह के पावर प्लांट का राख बांध टूटने के बाद से लापता पोकलेन आपरेटर का आठवें दिन भी कोई पता नहीं चल सका। पुलिस की कई टीमें शनिवार को भी खोज में जुटी रहीं। बीते सप्ताह शुक्रवार की शाम पावर प्लांट का राख बांध टूटने के बाद कई ग्रामीण बह गए थे। इस दौरान हुई खोजबीन में पांच लोगों के शव राख के मलबे से अथक प्रयास के बाद निकाल लिए गए हैं लेकिन घटना के वक्त बांध के पास चल रही पोकलेन मशीन के आपरेटर का कोई पता नहीं चल सका है। बैढ़न कोतवाली के नगर निरीक्षक अरुण कुमार पांडेय ने बताया कि बांध टूटने के बाद उसका मलबा हटाने के साथ आपरेटर जब्बार अली की तलाश शनिवार को भी जारी रही।