म्योरपुर कस्बे में रामलीला मंचन के दौरान कलाकार
- फोटो : 1
सोनभद्र/महुली। रॉबर्ट्सगंज और दुद्धी ब्लॉक के महुली में आयोजित रामलीला में नगर भ्रमण और फुलवारी की लीला मंचित हुई। श्रीराम और माता जानकी के प्रथम मिलन की लीला देख भक्त भाव विभोर हो गए। बड़ी संख्या में दर्शक रामलीला देखने के लिए पहुंचें। रॉबर्ट्सगंज रामलीला मैदान में आयोजित रामलीला के चौथे दिन रविवार की रात में आदर्श श्रीरामलीला मंडल पिपलेश्वर धाम सिंगरौली के कुशल एवं सुप्रसिद्ध कलाकारों ने रामलीला किए। रामलीला के चौथे दिन नगर भ्रमण, सुंदर फुलवारी, मीना बाजार तथा भगवान श्रीराम और माता जानकी के प्रथम मिलन की अत्यंत मनमोहक एवं जीवंत लीला दिखाई गई। लीला के दौरान जैसे ही पुष्प वाटिका में श्रीराम और माता सीता का प्रथम मिलन हुआ, पूरा रामलीला प्रांगण जय श्री राम के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। कलाकारों के उत्कृष्ट अभिनय और संगीतमय प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं व धर्मप्रेमी जनता को मंत्रमुग्ध कर दिया और दर्शक देर रात तक डटे रहे।