दुद्धी ब्लाक के जोरुखाड़ ग्राम पंचायत के 133 मीटर ऊंची जोरमा पहाड़ी पर बने शिव मंदिर पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सुबह से ही पूजा अर्चना के साथ कथा सुनने में लोग जुटे रहे।
जोरमा पहाड़ी पर झारखंड व छत्तीसगढ़ के लोगों ने भी पूजा अर्चना किया। इस दौरान हर-हर बम-बम से पूरा पहाड़ी क्षेत्र गूंज उठा। श्रद्धालुओं से पूरी पहाड़ी भरी रही। पहाड़ी को जाने वाले रास्ते पर पूजा सामान की खूब बिक्री हुई। संकरा रास्ता और ऊंचाई पर पर बने शिव मंदिर पर लोगों ने पहुंच कर पूजा किया तो भोजन बनाते हुए पिकनिक का भी आनंद लिया।
इस दौरान पहाड़ी से नीचे का नजारा लोगों का मन मोह रहा था। पहाड़ी के नीचे लगे मेले में लोगों ने खूब आनंद लिया। थाना प्रभारी विंढमगंज श्याम बिहारी पुलिस फोर्स के साथ भीड़ को नियंत्रित करने में लगे थे।
मुक्खा फाल पर उमड़ा हुजूम
कार्तिक पूर्णिमा पर सोमवार को बेलन नदी पर स्थित मुक्खा फाल पर लोगों की भीड़ उमड़ी। हजारों की तादाद में पहुंचे लोगों ने बेलन नदी में स्नान के बाद झरने के किनारे पिकनिक भी मनाया। खाने-बनाने वालाें की भीड़ से पूरा परिसर पटा रहा। सीओ अमित कुमार ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।
जंगल के बीच स्थित मुक्खा फाल पर पूर्व में कई घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस पुलिस टीम सतर्क रही। सीओ ने भ्रमण के दौरान लोगों को शांतिपूर्ण माहौल में पिकनिक मनाने की हिदायत दी।