विंढमगंज। छठ महापर्व पर रविवार को विंढमगंज स्थित सूर्य मंदिर परिसर में भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। शाम 5:25 बजे शुरू हुई महाआरती श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। सततवाहिनी नदी पर बने चेकडैम के बीच धारा में तैयार विशेष मंच पर विद्वान पंडितों की टीम ने आरती संपन्न कराई। इस दौरान ढोल, नगाड़े, घंटे-घड़ियाल और शंखनाद से पूरा इलाका गूंज उठा। इससे पहले यूपी-झारखंड सीमा पर प्रवाहित सततवाहिनी और कुकुरडूबा नदियों के संगम तट पर चार राज्यों से पहुंचे करीब चार हजार व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया। आयोजन समिति के मुताबिक, इस समारोह में दस हजार से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। घाट पर स्नान कर रहीं व्रती महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करती रहीं। सन क्लब सोसायटी की ओर से विशाल मेले का भी आयोजन किया गया। बच्चों ने झूले और मिकी माउस का आनंद लिया। महापर्व पर घाट और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी चहल-पहल रही। घोरावल नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के तालाबों और घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। दशमिहवा, थनहवा और भंगहवा तालाब पर शाम चार बजे से व्रती महिलाओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ। श्रद्धालु फल-फूल और पूजन सामग्री से सजे सूप लेकर घाटों पर पहुंचे। छठी मइया के पारंपरिक गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। ब्रह्माकुमारी आश्रम के सदस्यों ने पूजा और अर्घ्यदान की व्यवस्था में सहयोग किया। नगर पंचायत की ओर से घाटों की सफाई और प्रकाश की व्यवस्था की गई थी। दुद्धी में महापर्व छठ पर रविवार को दुद्धी क्षेत्र के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाओं और पुरुषों ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर परिवार और समाज के कल्याण की कामना की। दोपहर तीन बजे से ही ऐतिहासिक शिवाजी तालाब, लौवा नदी के बीड़र और मल्देवा घाट, लकड़ा बांध धनौरा और कनहर नदी सहित अन्य घाटों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। घाटों पर वेदियां सजाकर व्रतियों ने स्नान-ध्यान के बाद विधि-विधान से पूजा की। गंगा आरती और देवी जागरण आकर्षण का केंद्र रहे। भीड़ को देखते हुए एसडीएम आकांक्षा गौतम, सीओ विनय प्रभाकर साहनी और कोतवाल विश्वनाथ प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस और पीएसी तैनात रही। इस मौके पर चेयरमैन कमलेश मोहन, जेबीएस अध्यक्ष पंकज जायसवाल, महामंत्री दीपक शाह, रामलीला कमेटी अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रहरि, सुरेंद्र गुप्ता, पंकज कुमार बुल्लू, धीरज जायसवाल और स्काउट गाइड जिला कमिश्नर कब रामरक्षा सहित अन्य लोग व्यवस्था में लगे रहे। कार्यक्रम का संचालन रामपाल जौहरी, अविनाश कुमार और आलोक अग्रहरि ने संयुक्त रूप से किया। डाला बाड़ी स्थित सोन नदी घाट पर छठ पर्व के दौरान श्रद्धा का नजारा दिखा। प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव सिंह गोंड ने पत्नी और चोपन ब्लॉक प्रमुख लीला सिंह गोंड के साथ नदी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। डाला नगर के कुरदहंवा, चढ़ाई, काली मंदिर और कोलान बस्ती सहित कोटा, गुरमुरा और बारी के घाटों पर भी व्रतियों ने पूजा-अर्चना की। आयोजकों ने श्रद्धालुओं के लिए चाय, प्रकाश और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की। नगर पंचायत अध्यक्ष फूलवंती गोंड ने बताया कि सभी प्रमुख घाटों पर सफाई, टेंट, लाइट और पार्किंग के इंतजाम किए गए थे। बभनी में छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार को बभनी विकासखंड के 38 छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु की कामना की। बभनी, असनहर, संवरा, डूभा, चपकी, भंवर, सागोबांध, चैनपुर, बैना, खोतोमहुआ, आसनडीह, पोखरा, नधिरा, बचरा और घघरा सहित विभिन्न स्थानों पर घाटों को झालर-बत्तियों से सजाया गया था। छठी मइया के गीतों से माहौल भक्तिमय रहा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज पुलिस टीम के साथ घाटों का भ्रमण करते रहे। ओबरा में छठ महापर्व पर रविवार को ओबरा नगर के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाओं ने रेणु नदी तट सहित 12 से अधिक घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया। व्रती महिलाएं पारंपरिक छठ गीत गाते हुए वेदियों तक पहुंचीं। सेक्टर नौ, बिल्ली पोखरा, खैरटिया बंधी, आरती चित्र मंदिर मैदान, सेक्टर आठ, दस, मालवीय नगर और ओबरा डैम पर पूजा-अर्चना हुई। रेणु नदी तट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सूर्य प्रतिमा का पूजन किया गया। नगर पंचायत की ओर से घाटों पर टेंट, प्रकाश, अलाव, चेंजिंग रूम और पार्किंग की व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा के लिए सीओ प्रभात राय के निर्देशन में पुलिस बल तैनात रहा। रेणुसागर। छठ महापर्व पर अनपरा में दिव्यम ग्रुप की ओर से व्रतियों और श्रद्धालुओं के बीच 10 क्विंटल गन्ने का निशुल्क वितरण किया गया। ग्रुप के शशिकांत द्विवेदी के नेतृत्व में रविवार सुबह नेहरू चौक और औड़ी मोड़ पर वितरण शुरू हुआ। छठ पूजा में गन्ने के विशेष धार्मिक महत्व को देखते हुए ग्रुप ने छत्तीसगढ़ से एक हजार किलोग्राम गन्ना मंगवाया था। गन्ना पाकर व्रती और श्रद्धालु प्रसन्न नजर आए। लोगों ने इस पहल की सराहना की। शशिकांत द्विवेदी ने कहा कि छठ महापर्व पवित्रता और आस्था का प्रतीक है। व्रतियों की सेवा करना पुण्य का कार्य है। उन्होंने अगले वर्ष गन्ने के साथ फल वितरण की भी इच्छा जताई। आयोजन में रतन गुप्ता, भानु मोदनवाल, आशु गोयल, विनय मिश्रा, राजा सोनी और रामू आदि ने सहयोग किया। अनपरा नगर के अर्जुन घाट, कहुअवा नाला और तापीय परियोजना के आवासीय परिसर सहित अन्य घाटों पर भी छठ पूजा हुई।