अनपरा नगर के डिबुलगंज में अधूरी पड़ी रिटर्निंग वॉल। संवाद
अनपरा (सोनभद्र)। नगर पंचायत अनपरा के वार्ड संख्या दो स्थित डिबुलगंज में प्रशासनिक लापरवाही और ठेकेदार की मनमानी का बड़ा मामला सामने आया है। यहां बरसाती नाले के तेज बहाव और कटान रोकने के लिए बन रही रिटर्निंग वॉल दो साल बाद भी पूरी नहीं हो सकी है। इसके चलते पूरी बस्ती में संक्रामक बीमारियों और हादसों का खतरा मंडरा रहा है। विभागीय जानकारी के मुताबिक, नगर पंचायत की ओर से दो वर्ष पूर्व करीब 38 लाख रुपये की लागत से इस रिटर्निंग वॉल की निविदा (टेंडर) जारी की गई थी। ठेकेदार ने काम तो शुरू किया लेकिन आधी दीवार खड़ी करने के बाद निर्माण को अधर में ही छोड़ दिया। इस अधूरे निर्माण की वजह से बरसात के पानी के तेज बहाव में बस्ती को जोड़ने वाला कच्चा रास्ता भी बह गया। स्थिति इतनी बदतर है कि अब स्थानीय लोगों को दूसरे के निजी प्लॉट से होकर गुजरना पड़ रहा है। रास्ते की इस समस्या के कारण बस्ती में नई सड़क और नाली निर्माण का सरकारी प्रस्ताव भी अटका हुआ है। बस्ती के निवासियों ने ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि निर्माण कार्य में स्थानीय लोगों से मजदूरी कराई गई लेकिन दो साल बीतने के बाद भी उन्हें भुगतान नहीं मिला। ग्रामीणों का कहना है कि मानसून के दौरान नाला उफनाने से उनका मुख्य हाईवे से संपर्क पूरी तरह कट जाता है और उन्हें कई किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है। नगर पंचायत कार्यालय में कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक ठेकेदार पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है और न ही काम दोबारा शुरू कराया गया है।