सोनभद्र। उभ्भा गांव में विवादित भूमि को लेकर पिछले वर्ष हुए खूनी संघर्ष के मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित किए गए सीओ अभिषेक सिंह और राहुल मिश्रा को शासन स्तर से बृहस्पतिवार को नवीन तैनाती दे दी गई। शासन से दोनों अधिकारी को पर्यवेक्षण में शिथिलता बतरने का आरोप लगाते हुए निलंबित किया गया था। लेकिन पिछले दिनों उभ्भा मामले को लेकर हुई जांचों की रिपोर्ट आने के बाद क्षेत्राधिकारियों को बहाल कर दिया गया था। बृहस्पतिवार को अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन पीसी मीना ने सीओ अभिषेक सिंह को मुख्यालय पुलिस महानिदेशक के यहां से सहायक सेनानायक 32 वाहिनी लखनऊ और सीओ राहुल मिश्रा को पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय पुलिस महानिदेशक के यहां तैनात किए जाने के संबंध में सोनभद्र के एसपी समेत अन्य अधिकारियों को पत्र भेजा है।