सोनभद्र। नगर के स्वर्ण जयंती चौक पर सपा कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई और रसोई गैस के दामों में वृद्धि के विरोध में प्रदर्शन किया। हाथों में गैस सिलिंडर लेकर कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए। घंटा-घड़ियाल बजाकर सरकार को जगाया। महंगाई में वृद्धि के लिए सरकार की नीतियों को जिम्मेदार बताया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सपा के जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से 300 का सिलिंडर हजार रुपये को पार कर चुका है। लगातार मूल्य वृद्धि से जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। महंगाई से ध्यान भटकाने के लिए सरकार लाउडस्पीकर, हनुमान चालीसा और मंदिर-मस्जिद के विवाद में जनता को उलझाए हुए है। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस के दाम में वृद्धि से हर वर्ग परेशान है। सरकार इस पर अंकुश लगाने के लिए जल्द ठोस कदम उठाए। प्रदर्शन में पूर्व नगर सचिव मनीष त्रिपाठी, गोपाल गुप्ता, अनिल विश्वकर्मा, सोनू यादव, हीरा सोनकर, मोती कोल, रोहित भारती, चंदन केसरी, संदीप पटेल, कलावती भारती, राजकुमार सोनकर, राकेश भारती आदि शामिल रहे।