ओबरा। स्थानीय पीजी काॅलेज में छात्र संघ चुनाव कराने, फीस वृद्धि कम करने और साफ-सफाई सहित अन्य मांगाें के समर्थन में छात्र नेताओं ने शनिवार को धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्र नेताओं ने महाविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। माैके पर पहुंचे नायब तहसीलदार ने महाविद्यालय प्रशासन से वार्ता कर मांगों का जल्द निस्तारण कराने का आश्वासन देकर प्रदर्शन समाप्त कराया।
छात्र नेता अभिषेक अग्रहरी व प्रशांत यादव ने संयुक्त रूप से बताया कि राजनीति की पहली सीढ़ी महाविद्यालय से ही शुरू होती है। ऐसे में लोकतंत्र की रक्षा करने के लिए महाविद्यालय में छात्र संघ का चुनाव होना बहुत जरूरी है। बताया कि महाविद्यालय की साफ-सफाई की स्थिति खराब है। खेल मैदान में बड़े बड़े गड्ढे बने हैं, जिससे छात्र-छात्राओं को अभ्यास करने में परेशानी उठानी पड़ रही है।
नायब तहसीलदार रजनीश यादव की मौजूदगी में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद कुमार ने सभी मांगों के निस्तारण का छात्र नेताओं को आश्वासन दिया। वहीं छात्र संघ चुनाव को लेकर प्राचार्य ने बताया कि महाविद्यालय में पूर्ण रूप से सभी कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद जिला प्रशासन से अनुमति मिलने पर चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इस दौरान छात्र नेता सिद्धांत सिंह, आदर्श गुप्ता, सतेंद्र यादव, विकांक रंजन, आशीष वर्मा, विशाल द्विवेदी, प्रज्ञा यादव, मुकेश यादव, विनय अग्रहरी मौजूद रहे।