स्थानीय बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में ई निविदा के माध्यम से खदानों में स्थानीय लोगों को रोजगार देने की मांग को लेकर रहवासी युवाओं ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्र धरने पर भी बैठ गए। इस कारण खदान का कार्य ढाई घंटे तक प्रभावित रहा। मौके पर पहुंची ओबरा पुलिस ने खनन उद्यमी और आंदोलनकारियों से वार्ता कर स्थानीय लोगों को रोजगार दिलवाने का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया।
विरोध प्रदर्शन कर रहे युवाओं का कहना था कि बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में लगभग आधा दर्जन के करीब खदानें ई टेंडरिंग के माध्यम से हुई हैं। सभी खदानों के चालू होने पर स्थानीय बेरोजगार युवाओं को काम मिलना जरूरी है। उन्होंने बताया कि खदानों में मशीनों से पत्थर लोडिंग का कार्य प्रशासन बंद कराए, जिससे मजदूरों को भी रोजगार मिल सके। खनन व्यवसायी गणेश श्रीवास्तव व नवीन श्रीवास्तव ने आश्वासन दिया कि जल्द ही अन्य खनन उद्यमियों से बात कर बेरोजगारों के लिए रोजगार के मौके आम सहमति से दिए जाएंगे। प्रदर्शन में अनुराग, दीपक अग्रहरि, नित्यानंद दूबे, विनय अग्रहरि, सौरभ, मुकेश, मुन्ना जायसवाल, सौरभ कुमार, अनिल पटेल, मनोज पांडे, उमेश मौजूद रहे।