बभनी। बभनी से सतबहनी बरवाटोला तक पीएमजीएसवाई से बनी सड़क जर्जर हो गई है। सड़क की गिट्टियां उखड़ गई हैं। इससे लोगों को आवागमन में असुविधा हो रही है। आक्रोशित ग्रामीणों ने बुधवार को प्रदर्शन कर शीघ्र सड़क मरम्मत की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बभनी से सतबहनी बरवाटोला तक बनी करीब पांच किलोमीटर तक सड़क जर्जर है। जिससे लोगों को आवागमन में असुविधा हो रही है। उखड़ी गिट्टी के छिटकने से लोग जख्मी हो रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक इसी सड़क पर सतबहनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी है। कई मजरों के लोग इसी रास्ते से गुजरते हैं। बुधवार को ग्रामीण समीर खान, विरझू सिंह, कपिल देव, सुरेश, होतीलाल, सीताराम, राम किशुन आदि ने सतबहनी गांव में प्रदर्शन करते हुए जर्जर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की। कहा कि अगर समय रहते सड़क मरम्मत को लेकर प्रशासन गंभीर नहीं हुआ तो ग्रामीण धरना प्रदर्शन को बाध्य होंगे।
जर्जर पर चलना हुआ दुश्वार
केकराही। करमा ब्लॉक अंतर्गत आने वाली कठपुरवा से तीनताली संपर्क मार्ग की हालत बिल्कुल जर्जर हो चुकी है। इस पर चलना दुश्वार हो गया है। आए दिन राहगीर गिरकर लोग जख्मी हो जा रहे है। चार किमी लंबे इस सड़क से कठपुरवा, दाढ़चक, शिवखरी, भटौलिया, बकाही, खेकड़ा से तीनताली तक प्रतिदिन करीब पांच हजार लोगों आवागमन होता है। सड़क की शीघ्र मरम्मत नहीं हुआ तो आगामी बरसात में इस पर चलना मुश्किल हो जाएगा। ग्राम प्रधान महेंद्र सिंह चौहान, ग्राम प्रधान अरविंद सिंह पटेल, संतोष वर्मा, शारदा प्रसाद, रामजी, प्रेमनाथ ,अजय मौर्या, रामाशीष, विजय सिंह आदि ने सड़क मरम्मत कराने की मांग की है।