सोनभद्र। डिस्ट्रक्टि बार एसोसिएशन सोनभद्र के अधिवक्ताओं ने सोमवार को कानपुर के अधिवक्ताओं के समर्थन में सदर तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इसके बाद राज्यपाल को नामित ज्ञापन सौंपा गया। डिस्ट्रक्टि बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री अतुल प्रताप पटेल एडवोकेट ने कहा कि जनपद कानपुर के अधिवक्ता एवं बार एसोसिएशन की ओर से जनपद के न्यायिक प्रक्रिया को सुचारू रूप से न चलाने वाले पीठासीन अधिकारियों के विरुद्ध हड़ताल किए हुए हैं और मांग कर रहे हैं कि ऐसे पीठासीन अधिकारी को हटाया जाए। इसी क्रम में डिस्ट्रक्टि बार एसोसिएशन सोनभद्र के अधिवक्ताओं ने कानपुर के अधिवक्ताओं के समर्थन में ज्ञापन पत्र उप जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को प्रेषित किया। मांग किया कि कानपुर के अधिवक्ताओं की बात की मांगों को माना जाए। वहां के अधिवक्ताओं के विरुद्ध जो उत्पीड़न की कार्रवाई हुई है, उसको समाप्त किया जाए, जिससे अधिवक्ता न्यायिक कार्य को सुचारू रूप से कर सके। पवन कुमार सिंह पूर्व उपाध्यक्ष डिस्ट्रक्टि बार एसोसिएशन सोनभद्र ने कहा कि कानपुर बार एसोसिएशन मामला जिले के हर बार एसोसिएशन में जाना है। इस दौरान अध्यक्ष रामचंद्र सिंह, महामंत्री विमल प्रसाद सिंह, पवन कुमार सिंह, अतुल प्रताप पटेल, महेंद्र प्रताप सिंह, सुरेश व अनिल सिंह आदि रहे।