विंढमगंज। दुद्घी ब्लॉक के ग्राम पंचायत हरनाकछार के ग्रामीणों ने बुधवार को रेलवे के दोहरीकरण के दौरान बंद मानव क्रासिंग बंद होने के विरोध में प्रदर्शन कर नारेबाजी किए। इसके बाद रेलवे के संबंधित क्षेत्रीय अधिकारी, उप मुख्य अभियंता निर्माण पूर्व मध्य रेलवे रेणुकूट, जिलाधिकारी, सांसद बाँर विधायक को पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया। ग्रामीणों का कहना है कि हरनाकछार गांव के बीच से होकर गुजरने वाली रेलवे लाइन के गेट नंबर 49 से एक किलोमीटर पूर्व मानव क्रासिंग था, जिससे ग्रामीण का आवागमन होता रहता था। लेकिन रेलवे के दोहरीकरण के कारण मानव क्रासिंग बंद कर दिया गया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि यदुनाथ यादव ने कहा कि हरनाकछार ग्राम पंचायत की आबादी लगभग 6400 है। इस ग्राम पंचायत के बीचो बीच से गुजरने वाली रेलवे लाइन के कारण लगभग दो से 3000 ग्रामीण मार्केट, विद्यालय,बैंक, श्मशान घाट पर जाने के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीण अक्सर इस मानव क्रॉसिंग से ही होकर अपने दिनचर्या को पूरा कर लिया करते थे। ग्रामीणों ने इस मानव क्रॉसिंग के पास ही अंदर ग्राउंड पुलिया बनवाए जाने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में संजय कुमार, अशोक कुमार, अमरनाथ यादव, चंदन गुप्ता, विष्णु कुमार, प्रिंस कुमार, अनिल कुमार, जवाहिर, मनोज गुप्ता, राम सुंदर, संतोष कुमार आदि शामिल रहे।