कलेक्ट्रेट में ज्ञापन देने पहुंचे सवर्ण आर्मी के पदाधिकारी। संवाद
सोनभद्र। सवर्ण आर्मी के पदाधिकारियों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर वर्तमान आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग की। जिलाध्यक्ष अशोक दुबे के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आर्थिक स्थिति और वास्तविक वंचना के आधार पर शिक्षा एवं सरकारी नौकरियों में अवसर उपलब्ध कराने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि आरक्षण व्यवस्था की समसामयिक परिस्थितियों के अनुसार निष्पक्ष एवं समग्र समीक्षा आवश्यक है। इसके लिए उच्चस्तरीय आयोग का गठन किया जाए। आर्थिक रूप से कमजोर सभी वर्गों के मेधावी विद्यार्थियों को समान अवसर उपलब्ध कराने की नीति बनाई जाए। पदाधिकारियों ने सामाजिक समरसता, समान अवसर और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने वाली नीति बनाने के साथ ही आरक्षण व्यवस्था पर सभी पक्षों को शामिल कर व्यापक राष्ट्रीय विमर्श कराने की मांग की। उन्होंने जिलाधिकारी से ज्ञापन को केंद्र सरकार के समक्ष प्रेषित करने का अनुरोध किया। इस मौके पर अशोक कुमार दुबे, नवनीत उपाध्याय, बृजकिशोर पांडेय, अभय पांडेय, ललित पाठक, अवनीश पांडेय, अमित दुबे, सुदिष्ट मिश्रा, संतोष पांडेय, मदन मोहन मिश्रा आदि शामिल रहे।