अनपरा (सोनभद्र)। बढ़ती गर्मी के कारण सूबे में बिजली की मांग में लगातार उछाल जारी है। शनिवार को बिजली की मांग साढ़े 24 हजार के पार चली गई। उत्पादन निगम की परियोजनाएं भी पूरी क्षमता के साथ मांग को पूरा करने में उत्पादन कर रही हैं।
गर्मी के प्रकोप से बचने के लिए लोग एसी, फ्रिज और कूलर का जमकर उपयोग कर रहे हैं। इस कारण बिजली की मांग में लगातार उछाल दर्ज की जा रही है। माह की शुरुआत में बिजली की अधिकतम मांग 21 हजार पर पहुंच गई थी। दो दिन बढ़े तापमान के कारण बिजली की मांग डेढ़ हजार मेगावाट का इजाफा दर्ज किया गया। बढ़ती गर्मी के कारण बिजली की मांग में और इजाफा होने की संभावना जताई जा रही है। शनिवार को सूबे में बिजली की अधिकतम मांग 24604 मेगावाट और न्यूनतम मांग 14753 मेगावाट के आसपास रही। अनपरा तापीय परियोजना की दूसरी इकाई से 164 मेगावाट, तीसरी इकाई से 167 मेगावाट, चौथी इकाई से 450 मेगावाट, पांचवी इकाई से 464 मेगावाट, छठवीं इकाई से 479 और सातवीं इकाई से 473 मेगावाट उत्पादन जारी रहा। निजी क्षेत्र की लैंको परियोजना की पहली इकाई से 546 मेगावाट और दूसरी इकाई से 575 मेगवाट उत्पादन जारी रहा।