सोनभद्र। नगर पालिका परिषद सोनभद्र में दो दिन से जलापूर्ति बाधित है। भेलाही बंधी सूखने के बाद धंधरौल बांध से जलापूर्ति की जा रही है, लेकिन पिछले दिनों आई आंधी में सैकड़ों पेड़ व पोल टूटने से बांध पर पंप की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। इसका असर नगर की जलापूर्ति पर पड़ रहा है। नगर पालिका की ओर से टैंकर के माध्यम से कई इलाकों में पानी पहुंचाने की व्यवस्था की गई है, लेकिन इंतजाम भी नाकाफी साबित हो रहा है। कई स्थानों पर लोग दूसरे के बोर और निजी संसाधनों से बाहर से पानी लाने को विवश हैं।
नगर पालिका प्रशासन की ओर से भेलाही बंधी से नगर में पानी की आपूर्ति कराई जाती थी। मगर इस वर्ष गर्मी में भेलाही बंधी अप्रैल में ही सूख गई। जिससे नगर में पानी की समस्या हो गई। हालांकि नगर पालिका प्रशासन ने जल निगम नगरीय से संपर्क करते हुए राबर्ट्सगंज पुनगर्ठन योजना के जरिए धंधरौल बांध का पानी ले रहा है और नगर में पानी की आपूर्ति कराई जा रही है। शुक्रवार की शाम आई आंधी के बाद से नगर के विभिन्न हिस्सों में पानी की सप्लाई प्रभावित हुई है। तेज आंधी में बिजली के खंभे और तार टूट गए हैं। जिससे धंधरौल बांध स्थित परियोजना के हेड की बिजली सप्लाई बाधित हो गई है। इससे परियोजना के जरिए पानी नहीं मिल पा रहा है। पाइप लाइन के जरिए पानी सप्लाई नहीं होने से लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायत यह भी है कि कई मोहल्ले में टैंकर नहीं भेजा जा रहा है। इससे इन मोहल्लों में पानी की समस्या बनी हुई है। रविवार की शाम को पानी लेकर टैंकर जैसे ही मोहल्लों में पहुंचा तो पानी भरने के लिए लोगों की कतार लग गई। नगर पालिका के कर्मचारी टैंकर से पानी आपूर्ति करने में जुटे रहे। नगर वासियों ने प्रशासन से बिजली फाल्ट दूर कराते हुए शीघ्र पानी आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
इन मोहल्लों में आपूर्ति बाधित
नगर पालिका परिषद सोनभद्र अंतर्गत ब्रह्मनगर, संतनगर, नई बस्ती, अशोक नगर सहित अन्य वार्ड एवं मोहल्लों में शनिवार की शाम से पानी आपूर्ति बाधित है। टैंकर से भी पानी नहीं मिल पा रहा है। इससे वार्ड एवं मोहल्ले के लोग दूसरे के निजी बोर तथा भाड़े के टैंकर से पानी मंगाने को विवश हैं। इन वार्डों में पेयजल की समस्या अधिक है।
पुनगर्ठन पेयजल योजना के जरिए धंधरौल बांध का पानी नगर में सप्लाई कराई जा रही है। बृहस्पतिवार को आई तेज आंधी के बाद से धंधरौल बांध के पास बिजली बाधित है। जिसके चलते पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। मरम्मत कार्य चल रहा है। - आशीष यादव, अवर अभियंता- जल निगम नगरीय।
नगर में शनिवार की शाम पानी की सप्लाई बाधित रहा। टैंकर से वार्डों में पानी सप्लाई कराई जा रही है। शीघ्र ही पानी सप्लाई शुरू हो जाएगी। - विमलेश कुमार, जलकल प्रभारी- नगर पालिका परिषद सोनभद्र।