मारकुंडी घाटी में नवदंपती का शव मिलने पर लगी भीड़। संवाद
सलखन (सोनभद्र)। चोपन थानाक्षेत्र की मारकुंडी घाटी में रविवार की सुबह नवविवाहित दंपती राहुल यादव (30) और उनकी पत्नी इंद्रावती उर्फ चंदा (24) निवासी बिच्छी रॉबर्ट्सगंज के सड़े-गले शव मिले। शवों की स्थिति देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि दोनों की मौत चार से पांच दिन पहले हुई होगी। दोनों की शादी इसी वर्ष मई में हुई थी। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच में जुट गई है। घटना की वजह का पता नहीं चल सका है। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बिच्छी गांव निवासी राहुल के पिता बुल्लू यादव ने बताया कि आठ जुलाई को राहुल अपनी पत्नी इंद्रावती को लेकर सलखन स्थित ससुराल जाने के लिए निकले थे। इसके बाद से दोनों का कोई पता नहीं चल सका। रविवार की सुबह स्थानीय लोगों ने मारकुंडी घाटी की खाई में दो शव देखकर गुरमा पुलिस चौकी को सूचना दी। सूचना मिलते ही गुरमा चौकी प्रभारी श्रीप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। चौकी प्रभारी ने बताया कि खाई से दोनों शवों को बाहर निकलवाया गया। शव पूरी तरह सड़ चुके थे और उनमें कीड़े पड़ चुके थे। इससे प्रथम दृष्टया पहचान करना कठिन हो रहा था। घटनास्थल के समीप एक मोटरसाइकिल भी मिली, जिसके आधार पर मृतकों की पहचान की गई। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सड़क दुर्घटना, आत्महत्या अथवा अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।