बभनी। थाना क्षेत्र के डूभा गांव से अगस्त माह में पंजाब काम करने गये श्रमिक का शव मंगलवार की रात गांव पहुंचा। परिजनों ने अंतिम संस्कार से पहले आर्थिक सहायता की मांग की। उधर, नाराज ग्रामीणों ने शव लेकर पहुंची एंबुलेंस को रोक लिया। पुलिस ने समझा-बुझाकर ग्रामीणों को शांत कराया। जानकारी के अनुसार, डूभा गांव निवासी हीरा सिंह (30) पुत्र रामलखन का शव मंगलवार की रात गांव पहुंचा। हीरा सिंह अगस्त माह में पंजाब प्रान्त के अमृतसर मे़ पाइप लाइन का काम करने गया था। उसके साथी रामलखन निवासी डगडउआ टोला ने बताया कि रविवार को वह कमरे से कपड़ा लेने के लिए बाजार निकला था। दिन भर कमरे पर नहीं आए। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। सुबह बाजार के पास नाली में शव पड़ा मिला। शरीर पर चोट के निशान भी थे। पोस्टमार्टम बाद शव ठेकेदार की मदद से एंबुलेंस से भेज दिया गया। मंगलवार की रात शव लेकर पहुचे एम्बुलेंस को ग्रामीणों ने रोक लिया और मुआवजा की मांग करने लगे। इसकी जानकारी होने पर मौके पर पुलिस ने पहुंच कर नाराज ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद परिजनों ने शव का दाह संस्कार किया। थानाध्यक्ष अभय नारायण तिवारी ने बताया कि ग्रामीणों को शांत कराकर मय चालक एंबुलेंस को पंजाब वापस भेजवा दिया गया। हीरा सिंह जिस ठेकेदार के अंडर में काम करता था उनसे संपर्क कर आश्रितों को आर्थिक मदद दिलाई जाएगी।