विंढमगंज। फुलवार गांव में एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। किसान रामलखन कनौजिया (55) रविवार की शाम अपने घर से धान के खेत की ओर से गए थे लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे। घर वालों ने उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। सोमवार की सुबह वह खेत में अचेतावस्था में पड़े मिले। परिजन आनन फानन में उन्हें दुद्धी सीएचसी लेकर पहुंचे जहां मृत घोषित कर दिया गया। रामलखन की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता नहीं चल सका। फुलवार ग्राम प्रधान दिनेश कुमार यादव ने बताया कि रामलखन की मौत सर्पदंश से होने की आशंका जताई। थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सोनकर का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।