केकराही। करमा थाना क्षेत्र के खैराही रेलवे स्टेशन के पास बृहस्पतिवार की देर-रात रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टर्माटम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार की रात खैराही रेलवे स्टेशन मास्टर एएन तिवारी को फोन करके मालगाड़ी के लोको पायलट ने रात करीब 11 बजे जानकारी दी कि एक लावारिस शव ट्रैक किनारे खंभे के पास पड़ा है। जिसकी सूचना चुर्क चुनार कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना पर पहुंची रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस और चुर्क जीआरपीन ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। युवक के सिर में गंभीर चोटें दिखाई दे रही थी। आशंका जताई जा रही है कि ट्रेन से गिरकर युवक की मौत हुई होगी। मृतक के पास से ऐसा कोई कागजात नहीं मिला, जिससे की उसकी पहचान की जा सकी। पुलिस का कहना है कि यदि 72 घंटे के अंदर शव की शिनाख्त नहीं हुई तो उसका अंतिम संस्कार करा दिया जाएगा।