घोरावल कोतवाली क्षेत्र के उभ्भा चौकी अंतर्गत परसौना गांव में बुधवार को एक महिला का कुएं में शव मिला। महिला सोमवार की रात पानी लाने के लिए घर से निकली थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परसौना गांव निवासी सुरेश बैसवार की पत्नी उषा (39) सोमवार की रात घर से पानी लाने के लिए निकली थी। जब काफी समय बीतने के बाद भी घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
मंगलवार को कुएं की जगत के पास टॉर्च गिरा देखकर परिजनों ने कुएं के अंदर तलाश शुरू की तो उन्हें महिला का शव दिखा। कुएं को खाली कराकर शव बाहर निकाला गया।
प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल ने बताया कि उषा का मायका मप्र के सिंगरौली जिला के गढ़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत मिसिरगवा में है। मृतका के भाई भूपेंद्र कुमार बैसवार के मुताबिक उषा की शादी वर्ष 2004 में परसौना निवासी सुरेश कुमार बैसवार के साथ हुई थी। पैर फिसलने की वजह से कुएं में गिरने की आशंका जताई जा रही है।