म्योरपुर थाना क्षेत्र के आरंगपानी ग्राम पंचायत के झरईल टोला निवासी युवक बुधवार को लखनऊ में रेलवे पटरी पर मृत मिला। घटना की सूचना के बाद परिजन लखनऊ रवाना हो गए। युवक रोजगार के लिए गुजरात गया था और वहां से लौट रहा था।
म्योरपुर थाना क्षेत्र के आरंगपानी ग्राम पंचायत के झरईलटोला निवासी कांशीराम (38) का शव लखनऊ के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में कोड़रा गांव के पास रेलवे लाइन किनारे पाया गया। शव तीन से चार दिन पुराना लग रहा था। उसकी जेब से मिले आधार कार्ड से शिनाख्त करते हुए पुलिस ने घरवालों को सूचना दी।
शिनाख्त के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के मुताबिक कांशीराम गुजरात के अहमदाबाद कमाने के लिए गया था। वह घर लौट रहा था। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वह लखनऊ के लिए रवाना हो गए। युवक की इस तरह मौत से ग्रामीण भी सकते में हैं।