म्योरपुर। थाना क्षेत्र के रासपहरी गांव में शनिवार की दोपहर एक व्यक्ति का शव घर में फंदे के सहारे लटकता मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सीएचसी भेज दिया है।
म्योरपुर थाना क्षेत्र के रासपहरी गांव में शनिवार की दोपहर लालबहादुर (30) पुत्र स्व. रामप्रसाद का घर में ही गमछे के फंदे के सहारे कमरे में लटकता हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक ने किन परिस्थितियों में फंदा लगाया इसका पता नहीं चल सका है। भाई दया ने पुलिस को बताया कि लाल बहादुर रात करीब 11 बजे आया और खाना खाकर सो गया था। इस दौरान उसने कब फांसी का फंदा लगाया, यह पता नहीं चल सका। सुबह काफी देर हो गई तब जाकर दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर शव लटकता मिला। सूचना पर पहुंचे एसआई कविंद्र यादव व उमाशंकर सिंह ने शव को फंदे से उतरवाने के बाद पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।