सोनभद्र। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के विसुंधरी गांव में बृहस्पतिवार को स्कूली बच्चों से भरा ई रिक्शा पलटने से छह बच्चे समेत सात लोग घायल हो गए।
घोरावल ब्लॉक के खुटहा गांव स्थित गौतम बुद्ध विद्यालय के बच्चों को लेने के लिए एक ई रिक्शा बृहस्पतिवार सुबह धुरकरी क्षेत्र में गया था। आसपास के गावों से बच्चों को रिक्शा में बैठाकर चालक स्कूल पहुंचाने के लिए जा रहा था। विसुंधरी गांव में रिक्शा का पहिया निकल गया, जिससे रिक्शा दुर्घनाग्रस्त हो गया। हादसे में धुरकरी गांव निवासी प्रीतम (10) व प्रिंस (12) पुत्रगण कैलाश समेत 6 बच्चे घायल हो गए। रिक्शा चालक विकास (20) पुत्र जगनारायन निवासी नेवारी घायल हो गया। मौके पर पहुंचे प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने सभी घायलों को घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल प्रिंस, प्रीतम व विकास को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया। वहीं चार बच्चों को मामूली चोटे होने के कारण उपचार के बाद घर भेज दिया गया।