ओबरा के बिल्ली खनन क्षेत्र की बंद पड़ी एक खदान में रविवार को कपड़ों से लपेटा हुआ एक क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी। पूछताछ के दौरान शव की शिनाख्त खदान के पास स्थित एक क्रशर पर कार्यरत श्रमिक के रूप में हुई है।
रविवार की दोपहर बिल्ली खनन क्षेत्र में स्थित एक बंद पड़ी खदान में कुछ लोगों ने क्षत- विक्षत शव देखा। घटनास्थल से मिली चप्पल के आधार पर शव की शिनाख्त दुद्धी कोतवाली के गोहड़ा नौडिहा निवासी राम भरोस पुत्र हरि प्रसाद के रूप में हुई। मृतक के परिजनों के मुताबिक़ राम भरोस बीते सोमवार की रात से ही लापता था।
उसके बाद से ही उसकी खोजबीन की जा रही थी। वह घटनास्थल से कुछ ही मीटर दूर मौजूद एक क्रशर पर श्रमिक के तौर पर काम करता था। पुलिस ने शक के आधार पर एक अन्य मजदूर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। रविवार की देर शाम सीओ डाॅ. चारु द्विवेदी ने भी घटना स्थल का दौरा कर संबंधितों से पूछताछ की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।