महुली में फुटकर दुकानों पर बेचने के लिए रखा गया उर्वरक खाद।
- फोटो : SONBHADRA
महुली। दुद्धी विकास खंड के महुली सहकारी समिति केंद्र पर यूरिया एवं डीएपी खाद उपलब्ध नहीं होने के कारण किसानों को पिछले कई दिनों से भटकना पड़ रहा है। अब जब खेतों में लगी धान की नर्सरियां रोपाई के लिए बिल्कुल तैयार हो चुकी हैं, ऐसी स्थिति में समितियों में उर्वरकों का टोटा पड़ जाना किसानों के लिए बड़ा झटका है। लैंपस में खाद नहीं होने से कई किसान अभी तक धान की रोपाई शुरू नहीं कर सके है वहीं खेतों में लगी फसलें भी उर्वरक के अभाव में दम तोड़ती नजर आ रही हैं। किसानों के लिये अच्छे दिनों का वादा करने वाले लोगों को इनकी समस्या से कोई लेना देना नहीं है। वहीं फुटकर दुकानदार समितियों से उर्वरक की कालाबाजारी कर किसानों को मनमानी रेट पर बेच रहे हैं। स्थानीय लैंपस में पखवाड़े भर से यूरिया एवं एक सप्ताह से डीएपी उर्वरक नहीं मिलने से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खडी़ हो गई हैं। इनके इस मजबूरी का बेजा लाभ फुटकर विक्रेता ले रहे हैं और मनमानी रेट वसूल कर रहे हैं। क्षेत्र के दिनेश कुमार यादव, ओंकार नाथ गुप्ता, विश्वनाथ प्रसाद, सुरेश कुमार, पारसनाथ चौबे, ज्वाला प्रसाद, इंद्रदेव कन्नौजिया आदि किसानों ने समितियों में तत्काल उर्वरक उपलब्ध कराये जाने की मांग की है।