रॉबर्ट्सगंज संकट हरण श्री सिद्ध हनुमान मंदिर में सजी भव्य प्रतिमा। संवाद
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज नगर स्थित संकट हरण सिद्ध हनुमान मंदिर और संकट मोचन हनुमान मंदिर में मंगलवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ बजरंगबली का दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। मंदिर परिसर हनुमान चालीसा, सुंदरकांड और जय श्रीराम के जयकारों से गूंजता रहा। श्री संकट हरण सिद्ध हनुमान मंदिर में मंगलवार को स्थानीय श्रद्धालुओं के सहयोग से संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। भजन-कीर्तन और सुंदरकांड पाठ के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए महिला, पुरुष और बच्चे पहुंचे। मंदिर के संस्थापक रामजी मोदनवाल ने बताया कि प्रत्येक मंगलवार की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं के सहयोग से सुंदरकांड पाठ कराया गया। उन्होंने कहा कि सुंदरकांड पाठ के दौरान भक्तों ने श्रद्धा के साथ हनुमान जी का गुणगान किया। पाठ की पूर्णाहुति के बाद विधि-विधान से बजरंगबली का पूजन-अर्चन किया गया। इस दौरान शानू मोदनवाल, माया देवी, कृष्णा देवी सहित श्रद्धालु मौजूद रहे। वहीं सीएमओ कार्यालय के समीप स्थित श्रीराम जानकी संकट मोचन मंदिर में शाम को सुंदरकांड के संगीतमय पाठ में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। महाआरती के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूब गया। आरती के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया। भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर हनुमान जी से परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।