बभनी। क्षेत्र के मैंरहवा और बघमड़वा गांव के बीच बहने वाली नदी में विशाल मगरमच्छ देखे जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मगरमच्छ के दिखने के बाद से दोनों गांवों के लोगों ने नदी किनारे जाने से परहेज करना शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार की सुबह नदी के किनारे गए कुछ ग्रामीणों ने पानी में मगरमच्छ को तैरते हुए देखा। देखते ही देखते इसकी सूचना पूरे गांव में फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों का कहना है यहां रोजाना महिलाएं कपड़े धोने, नहाने और किसान अपने पशुओं को पानी पिलाने आते हैं। मगरमच्छ के आने से अब सभी डरे हुए हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द टीम भेजकर मगरमच्छ को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाए, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो। वन क्षेत्राधिकारी प्रेम प्रकाश चौबे ने बताया कि सूचना मिली है वन विभाग की टीम निगरानी के लिए तैनात किया गया है वहीं सीमा से सटे चपकी और बरवा टोला गांव के प्रधानों को भी गांव के लोगों को जागरूक करने की अपील की गई है।