चोपन (सोनभद्र) । उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव सिंह गोंड के पैतृक आवास के समीप मंगलवार की रात मगरमच्छ मिला। करीब चार फीट लंबा मगरमच्छ आबादी की ओर बढ़ रहा था। संयोग से लोगों की उस पर नजर पड़ गई। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच मगरमच्छ को पकड़कर सोन नदी में छोड़ दिया।
चोपन थाना क्षेत्र के बाड़ी गांव में राज्य मंत्री संजीव सिंह गोंड का पैतृक आवास है। मंगलवार की देर रात इसी बस्ती में मंत्री के आवास से करीब तीन सौ मीटर दूरी पर लोगों ने सरसराहट की आवाज महसूस की। आवाज वाली दिशा में टॉर्च जलाकर देखा तो मगरमच्छ आबादी की ओर बढ़ रहा था। सूचना राज्य मंत्री के घर पर दी। कुछ ही देर में स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद वन विभाग को मगरमच्छ पकड़ने में सफलता मिली। टीम उसे साथ ले गई और सुरक्षित सोन नदी में छोड़ दिया। तब जाकर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। वन रक्षक इरफान ने बताया कि मगरमच्छ अभी चार फीट का छोटा बच्चा है। मगरमच्छ प्राय: नम जमीन व दलदल पोखरों में अपना डेरा डालते हैं।