घोरावल अस्पताल में भर्ती मगरमच्छ के हमले में घायल सोनू
- फोटो : SONBHADRA
कोतवाली क्षेत्र के मूर्तियां गांव में बृहस्पतिवार को डग्गी नाले के किनारे गए बालक पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। घोरावल सीएचसी में प्रारंभिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। मूर्तियां गांव निवासी सुरेश सिंह का पुत्र सोनू सिंह गुर्जर (12) बृहस्पतिवार की अपराह्न शौच के लिए डग्गी नाला की ओर जा रहा था। रास्ते में खेत में छिपे मगरमच्छ ने उस पर हमला बोल दिया। उसके पैरों को मुंह में जकड़कर अपनी ओर खींचने लगा। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे सोनू के पिता सुरेश व अन्य ग्रामीणों ने मगरमच्छ पर लाठी-डंडे से प्रहार कर किसी तरह बालक को उसके चंगुल से मुक्त कराया। आनन-फानन परिजन सोनू को लेकर घोरावल सीएचसी पहुंचे। यहां प्रारंभिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर तहसीलदार सुरेश शुक्ला ने सीएचसी पहुंचकर पीड़ित के परिजनों से मामले की जानकारी ली और पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। तहसीलदार सुरेश शुक्ला ने परिजनों को आगे मदद का आश्वासन दिया।