सोनभद्र के बभनी थाना क्षेत्र में एनकाउंटर के बाद घायल आरोपी को हॉस्पिटल ले जाती पुलिस-पुलिस विभ
सोनभद्र/बभनी। शीशटोला के जंगल में गत 18 जुलाई को सराफा व्यापारी के साथ हुई लूट में शामिल बैढ़न निवासी 25 हजार के इनामी पंकज साह (45) को पुलिस ने सोमवार की सुबह मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। बभनी, दुद्धी, म्योरपुर थाने की पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम से हुई मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके पास से लूटे गए 62.22 लाख के आभूषण, एक तमंचा और बाइक भी बरामद की है। उसका एक साथी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। चपकी निवासी सराफा व्यापारी कुलधीर कुमार 18 जुलाई को छत्तीसगढ़ के रघुनाथनगर साप्ताहिक बाजार से आभूषण बेचकर लौट रहे थे। शाम साढ़े छह बजे शीशटोला जंगल के पास बाइक सवार बदमाशों ने चाकू से हमला कर सोने-चांदी के आभूषण और करीब 40 हजार रुपये नकदी से भरा बैग लूट लिया था। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि दो अन्य पर 25-25 हजार का इनाम घोषित था। एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि सोमवार तड़के अरझट पुलिया के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। तभी बाइक से आए दो संदिग्धों को रोका गया। दोनों भागने लगे और बरसात के कारण फिसलकर गिर गए। इसके बाद झाड़ियों में छिपकर पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में सिंगरौली के बैढ़न धूरीताल निवासी पंकज साह (45) के पैर में गोली लग गई, उसका साथी संजय साकेत अंधेरे में फरार हो गया। पूछताछ में गिरफ्तार पंकज ने साथियों के साथ मिलकर सराफा व्यापारी से लूट की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर जंगल में छिपाया गया लूट का बैग बरामद कर लिया गया। पुलिस ने 12.5 किलोग्राम चांदी, 225 ग्राम सोना, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, खाता-बही, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, सोनारी के औजार और 1500 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत 62 लाख 22 हजार 500 रुपये बताई गई है। आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की गई है।